अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विश्व ज्योति जनसंचार समिति के तत्वावधान मे रमसीपुर में महिलाओं व लड़कियों के अधिकार, समानता और सशक्तीकरण को लेकर कार्यकम का आयोजन किया गया। शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य वक्ता आशना कुमारी प्रजापति ने महिलाओं के अधिकार, शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। शिक्षा से ही हम अपने आप को स्वावलंबी बना सकते हैं। समाज में महिलाओं के प्रति भ्रांतिया आज भी हैं, जिसको दूर करने के लिए हम लोगों को आगे आना होगा। हमें जब भी अवसर मिला है, हमने साबित करके दिखाया है कि हम किसी से कम नहीं हैं। इस दौरान प्रेरणा कलामंच के कलाकारों द्वारा जाग नारी रे... नाटक का मंचन किया गया। रैली निकालकर पूरे गांव मे होते हुए लोगों को जागरूक किया। अंत में होली मिलन समारोह आयोजित कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक सतीश चंद्र गुप्ता, ग्राम प्रधान रमसीपुर आशीष भाई पटेल, प्रमोद कुमार, सोनी शर्मा, आशना कुमारी प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन शर्मिला ने किया।