सावन माह के तीसरे सोमवार को काशी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। घाटों से लेकर मंदिर परिसर तक हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ भक्तों को अर्धनारीश्वर स्वरूप में दर्शन दिया। इसी क्रम में प्रयागराज से किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी भी काशी पहुंचीं और बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। अमर उजाला से खास बातचीत में कल्याणी नंद गिरी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ से यही प्रार्थना है कि जो भी भक्त यहां आए हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों। समाज में किन्नरों को लेकर जो सोच बनी हुई है, वह गलत है। कोई भी बच्चा जन्म से किन्नर नहीं होता, समाज ही उसे किन्नर बना देता है। हम स्वयं अर्धनारीश्वर का ही रूप हैं। बाबा से यही विनती है कि हर घर में बेटा-बेटी का जन्म हो, पर किसी को किन्नर बनकर न जन्म लेना पड़े। उन्होंने आगे कहा कि बाबा के दर्शन कर आत्मा को शांति मिली है और काशी में आकर मन पूरी तरह तृप्त हो गया है। काशी में इस विशेष दर्शन के अवसर पर किन्नर अखाड़े की कल्याणी मां के साथ उनके शिष्य भी थी।