धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को काशी के अस्सी क्षेत्र स्थित मछली बंदर मठ पहुंचे, जहां मठ के पीठाधीश्वर से उन्होंने आशीर्वाद लिया। इस दौरान मठ परिसर में उनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मछली बंदर मठ पहुंचने पर संत-महंत और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर बागेश्वर बाबा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव', 'जय श्रीराम' और 'जय हनुमान' के जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। बागेश्वर धाम सरकार ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और वहां उपस्थित लोगों से बातचीत की। इस दौरान उनके अनुयायियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनके साथ सेल्फी भी ली और आशीर्वाद प्राप्त किया।