सुल्तानपुर में पांचोपीरन स्थित नवीन फल मंडी के पास गुरुवार सुबह विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेताओं की स्कार्पियो का शीशा संदिग्ध परिस्थितियों में टूट गया। गाड़ी में सवार नेताओं ने फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस की शुरुआती जांच में सड़क से गिट्टी उछलकर शीशे से टकराने की आशंका जताई गई है। घटना में गाड़ी सवार चारों नेता सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, वीआईपी के प्रदेश सचिव एवं जिले के प्रभारी संजय पासवान, जिलाध्यक्ष उर्मिला निषाद समेत चार नेता बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कार्पियो से लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। टाटियानगर की ओर से जाते समय उनकी गाड़ी पांचोपीरन स्थित नवीन मंडी के पास पहुंची, तभी स्कार्पियो का पीछे की ओर दाहिनी तरफ का शीशा टूट गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पार्टी जिलाध्यक्ष उर्मिला निषाद ने आरोप लगाया कि गाड़ी पर फायरिंग की गई, जिससे शीशा टूट गया। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान गाड़ी में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। इसके बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। वहीं, केएनआई चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह ने फायरिंग की बात को गलत बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में फायरिंग का कोई तथ्य सामने नहीं आया है। मामले में तहरीर ली जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।