सुल्तानपुर में नौगवांतीर पुल से धनपतगंज बाजार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के निर्माण की स्वीकृति प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत की गई है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से स्वीकृत होने के बाद कार्यदायी संस्था को सड़क निर्माण कार्य की जिम्मेदारी दी गई। लेकिन, अभी सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की वजह से ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं को आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। धनपतगंज ब्लॉक मुख्यालय व सामुदायिक स्वास्थ केंद्र जाने में भी ग्रामीण दिक्कत झेल रहे हैं। इसी समस्या के निस्तारण की मांग के लिए मंगलवार को धनपतगंज ब्लॉक के पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में चंद्रप्रकाश सिंह, महेश सिंह, प्रताप बहादुर सिंह, शेषमणि सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।