सुल्तानपुर में शुक्रवार को जुमा की नमाज को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। शहर से लेकर गांव तक प्रमुख मस्जिदों पर पुलिस का पहरा रहा। वक्फ बिल पास होने के बाद यह कदम सरकार के निर्देश पर प्रशासन द्वारा उठाया गया था। बता दें कि शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे से शहर की मस्जिदों पर पुलिस का पहरा लगना शुरु हुआ तो हड़कंप मच गया। दरअस्ल एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर समस्त मस्जिदों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शहर स्थित चौक में जामा मस्जिद, खैराबाद और घरहां क्षेत्र में कई मस्जिदों के साथ-साथ बसस्टैंड, पलटन बाजार, दरियापुर गभड़िया आदि मोहल्ले में मस्जिदों पर पुलिस तैनात की गई थी। सिटी मजिस्ट्रेट विदुषी सिंह, एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने फ्लैग मार्च भी किया। यहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शांति पूर्ण ढंग से जुमा की नमाज अदा की। किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन यहां नहीं किया गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने पहुंचे थे। वहीं, उलेमाओं ने यहां वक्फ से जुड़े मुद्दे पर बोलने से भी इनकार किया। इस बाबत सीओ सिटी प्रशांत सिंह ने बताया कि नमाज के मद्देनज़र शहर को सेक्टर में बांटा गया था। हर जगह पुलिस फोर्स की तैनाती की गई और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। लगभग हजार के ऊपर पुलिसकर्मी लगाए गए थे और पूरी चाक चौबंद व्यवस्था रही है। उन्होंने ये भी बताया कि देहात क्षेत्र को भी सेक्टर में बाटा गया है।