महोबा में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर सुल्तानपुर में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने किया। लालडिग्गी स्थित कांग्रेस कार्यालय से कांग्रेसियों ने जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए लालडिग्गी चौराहा, सुपर मार्केट और डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिटिया को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। बाद में जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में आए सिटी मजिस्ट्रेट को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।