संचारी रोग नियंत्रण अभियान की मंगलवार को जिले में शुरुआत हुई। सीएमओ कार्यालय परिसर से निकली जागरूकता रैली को डीएम बद्रीनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों के खतरे और उससे बचाव के उपाय बताते हुए साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया। रैली में नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्रा, पंचायती राज व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। बैंडबाजे के साथ निकली रैली नगर के विभिन्न मार्गाें से होकर गुजरी। आकर्षक स्लोगन लिखी तख्तियाें के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने और संचारी रोगों को भगाने का आह्वान किया गया। डीएम ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभाग आपसी सहयोग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने व संक्रामक रोगों से बचने के बारे में जन मानस को जानकारी देंगे। ग्राम विकास विभाग ग्रामीण क्षेत्र में नालियों की सफाई झाड़ियों की कटाई कचरा निस्तारण एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।नगरों में यह जिम्मेदार निकाय प्रशासन की होगी। चिकित्सा विभाग दस्तक अभियान के तहत 10 अप्रैल से घर-घर जाकर बुखार, क्षय, कुष्ठ, फाइलेरिया इत्यादि के रोगियों की लाइन लिस्टिंग करेगा।