सोनभद्र में लंबे इंतजार के बाद रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक अन्तर्गत बेठिगांव संपर्क मार्ग का मरम्मत कार्य शुरू हो रहा है। सदर विधायक भूपेश चौबे ने मंगलवार को भूमि पूजन एवं नारियल तोड़कर सड़क के विशेष मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया। बुधवार से सड़क का मरम्मत कार्य मैटेरियल गिराते हुए शुरू करा दिया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान 18 आवास लाभार्थियों में प्रमाण पत्र वितरित किया गया। विधायक ने कहा कि सड़क जर्जर होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती थी। अब यह समस्या लोगों को नहीं होगी। 50 लाख रुपये की लागत से सड़क का विशेष मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है। कहा कि भाजपा सरकार आयुष्मान कार्ड के जरिए गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए 5 लाख तक की व्यवस्था की है, अब किसी भी गरीब व्यक्ति की मौत पैसे के अभाव में नहीं होगी। प्रधान प्रतिनिधि अनूप तिवारी ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज-रामगढ़ मार्ग से बेठिगांव संपर्क मार्ग की हालत अत्यंत जर्जर व दयनीय हो गई थी। सदर विधायक के प्रयास से इस सड़क को विशेष मरम्मत के लिए प्रस्तावित किया गया, अब इसका निर्माण भी शुरू कराया जा रहा है। सड़क बनने से बेठिगांव, सिरपालपुर, करारी, अमौली और लसड़ा के साथ ही अन्य गांवों के लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। इससे पहले सड़क का भूमि पूजन आचार्य विशाल चौबे शास्त्री ने विधि विधान से कराया। बीडीओ लालजी शुक्ला ने सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को बताया। इस मौके पर बीडीसी योगेश कुशवाहा, कोटेदार बबलू केशरी, रामचंद्र त्रिपाठी, विकाश मिश्रा, पंकज मिश्रा, संजय चौबे, लसड़ा प्रधानपति विमलेश पांडेय, हरिप्रसाद चौबे, राजबली, हीरालाल, योगेंद्र तिवारी, जेई रवि मौर्या, कौशल्या, विजय कुमार कनौजिया आदि उपस्थित रहे।