भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय मंगलवार को सोनभद्र पहुंचे। वह राबर्ट्सगंज स्थित एक होटल में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. पांडेय ने कहा कि नेहरू जी ने भारत के विकास की बजाय अपनी व्यक्तिगत छवि को आगे बढ़ाने में समय लगाया। सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को 80 प्रतिशत पानी देकर खुश रखने की कोशिश की गई। मगर अब सरकार की ओर से कार्रवाई शुरू हो चुकी है। युद्ध की स्थिति नहीं आएगी, लेकिन अगर आती है तो यह बदला हुआ भारत है। भारत ऐसी कार्रवाई करेगा, जिसे पाकिस्तान हमेशा याद रखेगा। सपा सांसद रामजी लाल पर हो रहे हमलों और आगामी 1 मई को समाजवादी पार्टी द्वारा आहूत प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूत राणा सांगा पर की गई अमर्यादित टिप्पणी से जनता में आक्रोश स्वाभाविक है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां हर किसी को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन अभिव्यक्ति की सीमाएं लांघना जनभावनाओं को आहत कर सकता है। कार्यक्रम में जिले के प्रबुद्ध नागरिक, चिकित्सक, अधिवक्ता व भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की भी चर्चा हुई।