कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उत्तर प्रदेश आशा वर्कर यूनियन के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौपा। आशाओं ने चार माह से बकाया मानदेय भुगतान की मांग की। इसमें मनमानी कर रहे विभागीय अफसरों के रवैए पर भी आक्रोश जताया। यूनियन की अध्यक्ष जानकी देवी ने कहा कि नगवां और चतरा ब्लॉक की आशा कार्यकर्ता का मानदेय भुगतान न होने से समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आशाओं से पल्स पोलियो, फायलेरिया, नसबंदी, जननी सुरक्षा सहित तमाम कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन समय से मानदेय भी नहीं दिया जा रहा। मोबाइल रिचार्ज का भुगतान भी लंबित पड़ा है। भुगतान की मांग करने पर विभाग की ओर से सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। महामंत्री तारा देवी ने कहा कि आशाओं का जल्द भुगतान नहीं होता तो उग्र आंदोलन करने के लिए यूनियन बाध्य होगा। इस मौके पर जानकी देवी, नीरा देवी, तारा देवी, गीता देवी, सुशीला देवी, चंचला देवी, श्यामा देवी, सुषमा देवी आदि शामिल रहीं।