सीतापुर। मिश्रिख के चंद्रावल निवासी अनुज त्रिवेदी ने 25 शादियां की हैं। उसे महाराष्ट्र व ग्रेटर नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के तहत गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को तीन पीड़िताओं ने चंद्रावल पहुंचकर खुद आरोपी अनुज की सम्पत्तियों की पड़ताल की। इसके बाद बुधवार को एडीएम आयुष चौधरी को शिकायती पत्र देकर संपतियों को जब्त करने की मांग की। आरोपी अनुज को पीड़िताओं ने यूपी का रावण बताया है प्रयागराज निवासी एक पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2016 में एक समाचार पत्र में अजय सिंह नामक शख्स का वैवाहिक विज्ञापन देखा। संपर्क करने पर अजय ने बताया कि वह मुंबई का निवासी है। रियल स्टेट का काम करता है। वर्ष 2014 में उसकी पत्नी की गले के कैंसर से मौत हो गई थी। उसका एक बेटा है, जिसके नाम अविरल सिंह है। इसके बाद उनसे शादी कर ली। वर्ष 2016 से 2018 तक सब कुछ ठीक चला। इस दौरान बेटे की इंजीनियरिंग के नाम पर आठ लाख नकदी, डायमंड रिंग, सोने के जेवर, स्मार्टफोन व अन्य सामान हड़पा। इसके बाद जून 2018 से धीरे धीरे संपर्क तोड़ दिया। वहीं, प्रयागराज निवासी पीड़िता ने भी अनुज पर अजय बताकर धोखे से शादी करने व 11 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। पैतृक जेवर भी ले गया। महाराष्ट्र निवासी एक पीड़िता ने बताया कि अनुज ने उनके साथ वर्ष 2019 में शादी की। इसके बाद 26 लाख रुपये लेकर भाग गया। पीड़िताओं ने बताया कि अनुज त्रिवेदी अपने पुत्र प्रखर को अविरल बताकर मिलवाता था। अनुज के हर अपराध में अविरल बराबर का भागीदार है। पीड़िताओं ने कहा कि वह डीएम से मिलकर यह मांग करेंगी कि इनकी सारी संपत्तियां सील की जाएं।