नवाबगंज-शंकरपुर मार्ग पर जब्दी गांव के पास सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर मिक्सर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में चार की मौके पर मौत हो गई और एक मासूम बालिका ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। बहराइच के रिसिया थाना क्षेत्र के मंगलपुरवा निवासी विजय कुमार वर्मा (32) सोमवार की सुबह अपनी पत्नी सुनीता देवी (28), मंगलवती (40), नीतू (30), नीतू की बहन ज्ञानवती (09) और एक साल की मासूम बच्ची के साथ बाइक से रूपईडीहा थाना क्षेत्र के मधनगरा जा रहे थे। इस दौरान नवाबगंज - शंकरपुर मार्ग पर पुलिस चौकी हरबंशपुर के पास उनकी बाइक में तेज रफ्तार ट्रैक्टर मिक्सर ने टक्कर मार दी। हादसे में विजय, मंगलवती, नीतू और ज्ञानवती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुनीता और एक साल की मासूम बच्ची घायल हो गई। सूचना पर पहुंची गिरट थाने की पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां मासूम बच्ची की भी मौत हो गई। भीषण सड़क हादसे की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। एसपी घनश्याम चौरसिया ने जिला अस्पताल पहुंच घायल महिला का हालचाल लिया। वहीं एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम और सीओ सतीश शर्मा समेत अन्य मौके पर जांच पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस ने मिक्सर को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया।