यूपी के श्रावस्ती में सोमवार को साइकिल से विद्यालय जा रही छात्रा को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसा जगतजीत इंटर कॉलेज के सामने बौद्ध परिपथ पार करते समय हुई। छात्रा कल्पना यादव (16) मूल रूप से बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के पिपरा पचदेवरा गांव की रहने वाली थी। वह जगतजीत इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ाई करती थी। सुबह वह साइकिल से विद्यालय आ रही थी। विद्यालय के सामने बौद्ध परिपथ पार करते समय पीछे से आ रही डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एंबुलेंस से सीएचसी, इकौना लाया गया। वहां चिकित्सक ने कल्पना को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया। डीएम को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पिता मालिक राम यादव की तहरीर पर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।