श्रावस्ती में राप्ती नदी में डूबे किशोरों का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। आक्रोशित परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार की दोपहर भिनगा-बहराइच फोरलेन मार्ग जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। दिया। एसडीएम आशीष भारद्वाज के समझाने पर परिजनों ने करीब आधे घंटे बाद जाम खोला। जाम में सैकड़ों वाहन चिलचिलाती धूप में फंसे रहे। उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। बताते चलें कि गिलौला थाना क्षेत्र के घोरमा परसिया कालोनी निवासी पप्पू जायसवाल के घर शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के मरौचा निवासी राहुल(16), प्रेम प्रकाश (16) व गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी विनय कुमार (22) आए थे। बृहस्पतिवार की दोपहर तीनों घोरमा परसिया गांव निवासी रिश्तेदार अभिषेक (15) व अवि (16) के साथ सब्जी खरीदने के लिए राप्ती नदी के भकला पुल स्थित सब्जी की दुकान गए थे। सब्जी खरीदने के दौरान पांचों ने राप्ती नदी में नहाने का मन बनाया। वह झुनझुनिया घाट पहुंच गए। नदी की धारा तेज होने से पांचों डूबने लगे। राहुल, अभिषेक व विनय तो किसी तरह बच गए लेकिन प्रेम प्रकाश व अवि नदी की तेज धारा में लापता हो गए। जिनको ढूंढने में एसडीआरएफ, पीएसी बाढ़ व स्थानीय गोताखोरों की टीम लगी है। बावजूद इसके शुक्रवार को परिजन किशोरों को ढूंढने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए और नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, नायब तहसीलदार शुभम तिवारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।