शामली शहर के मुजफ्फरनगर रोड पर सोमवार को डाक कांवड़ियों के आने का सिलसिला जारी रहा। सोनीपत, सिरसा और पानीपत से आए डाक कांवड़िए बोल बम-बम के जयघोष के साथ तेज गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। डाक कांवड़ियों में शिवभक्ति के साथ निर्धारित समय में गंगाजल पहुंचाने का उत्साह भी दिखाई दिया। कांवड़ियों ने बताया कि किसी ने 8 घंटे तो किसी ने 16 घंटे में अपने गंतव्य तक पहुंचने का समय निर्धारित किया है। रास्ते में जगह-जगह लगे सेवा शिविरों में कांवड़ियों को भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बोल बम के जयघोष से मुजफ्फरनगर रोड का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।