शाहजहांपुर के पुवायां में मंडी गेट पर शनिवार सुबह आरएफसी के धान खरीद केंद्रों के प्रभारियों के हस्ताक्षर वाला एक आदेश चस्पा कर दिया गया, जिसमें त्योहार पर अवकाश के कारण तौल बंद होने और धान भरी ट्रॉलियों को आरएफसी के खरीद केंद्रों के लिए टोकन जारी करने की मनाही की गई थी। दूसरी एजेंसियों के केंद्र प्रभारी भी मंडी गेट पहुंच गए और सभी केंद्रों पर धान भरी ट्रॉलियां न भेजने के लिए कह दिया। इससे धान लेकर आए और लंबी लाइन लगे किसान भड़क उठे। भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन वीएम सिंह गुट के तहसील महासचिव सचिन मिश्रा किसानों के साथ मौके पर पहुंचे और डीएम-एसडीएम को जानकारी देकर दी। किसानों का धान केंद्रों पर डलवाए जाने और एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इसके बाद किसानों ने मंडी में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।