शाहजहांपुर में कार्तिक मास में लड्डू गोपाल और राधारानी के नाम की धूम मची है। शहर में महीने भर प्रभातफेरी निकलने के साथ ही भजन कीर्तन का दौर चलेगा। जिसमें श्रद्धालु लड्डू गोपाल और राधारानी की भक्ति में डूबे रहेंगे। इसी क्रम में शनिवार सुबह कृष्णा नगर के श्री कृष्ण मंदिर से प्रभातफेरी निकाली गई। यह विभिन्न मार्गों से होकर सिटी पार्क स्थित विनोद तुली के आवास पर पहुंची। तुली परिवार ने बड़ी धूमधाम से फूलों की बारिश कर स्वागत किया। पूजा अर्चना के बाद गणेश स्तुति गान हुआ। उसके बाद भजन कीर्तन की शुरुआत हुई। अनिल कक्कड़ ने रिद्धि सिद्धि के दाता सुनो गणपति आपकी मेहरबानी हमें चाहिये भजन गया। फिर कार्यवाहक प्रधान हरीश बजाज ने सांवरे की महफिल को संवरा सजाता है भजन सुनाया। यह दौर लगातार चलता रहा। भजनों पर मंत्र मुग्ध होकर श्रद्धालु झूमते रहे। चोरी चोरी माखन खाय गयो री मैया तेरो कन्हैया भजन पर मटकी से टाफियां आदि निकलकर श्रद्धालुओं में बांटी। श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली। आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।