शाहजहांपुर में मंगलवार सुबह चार बजे से शुरू हुई बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया, वहीं शहर की सड़कों पर चलना दूभर हो गया। सीवर के लिए खोदे गए गड्ढों में बारिश का पानी भर गया, तो सड़कों पर कीचड़ हो गई। मंगलवार सुबह दस बजे तक 7.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में सीवर लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए उन सड़कों को भी दोबारा खोद दिया गया है जिनकी मरम्मत व निर्माण करवा दिया गया था। खिरनीबाग चौराहा, बहादुरगंज से इस्लामियां इंटर कॉलेज और कच्चा कटरा से चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़कों को दोबारा खोदा जा रहा है। मंगलवार को तीनों ही स्थानों पर सड़कों का बुरा हाल हो गया। खिरनीबाग चौराहा से बहादुरगंज जाने वाले मार्ग और बहादुरगंज से इस्लामिया इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर चैंबर बनाने को खोदे गए गड्ढों में बारिश का पानी भर गया। इसको निकालने के लिए मजदूरों को मोटर लगाना पड़ा ताकि आसपास की सड़क को बैठने से बचाया जा सके। खोदी गई सड़क के गड्ढों में पानी भरने से कीचड़ होने से राहगीरों और वाहन चालकों चलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मिट्टी गीली होकर कीचड़ में तब्दील होने के कारण फिसलन भी हो गई।