शाहजहांपुर में कई दिनों बाद बुधवार को बारिश हुई। कभी धीमी तो कभी तेज बारिश से तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं, खरीफ की फसल को पानी मिलने से किसानों के चेहरे भी खिल गए। जुलाई के पहले पखवाड़े में रिकॉर्ड तोड़ बारिश से नदियां उफनाने से शहर से लेकर देहात तक बाढ़ ने कहर बरपाया था। जिन किसानों ने धान की रोपाई कर दी थी, उनकी फसल कई दिन तक खेत में बाढ़ का पानी भरा होने से खराब हो गई। बाढ़ का पानी उतरने के बाद किसानों ने दोबारा धान रोपा तो बारिश होनी बंद हो गई। लगभग 20 दिन में हल्की बूंदाबादी ही हुई है। बुधवार को रात से बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलतीं रहीं। सुबह बूंदाबादी के बाद बारिश ने तेज रफ्तार पकड़ी। बूंदाबादी से लेकर झमाझम बारिश होती रही। कई स्कूलों में रेनी डे घोषित कर दिया गया।