शाहजहांपुर में मंगलवार को जीत की माला पहनने वाले भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर का पूरा दिन लोगों की बधाई स्वीकारते बीता। उन्होंने बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद भी लिया। करीब तीन महीने की लंबी चुनावी चिंता के बाद मंगलवार को मतगणना परिणाम आने के बाद बुधवार को भाजपा सांसद अरुण सागर आराम की मुद्रा में नजर आए। दिनभर तमाम पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बुके भेंटकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई देते रहे। वह सभी लोगों से मिलकर उनका धन्यवाद अदा करते रहे। लोगों को अपने हाथ से मिठाई खिलाई और सहयोग के लिए आभार प्रकट करते रहे। बधाई देने पहुंचे बड़े-बुजुर्गों और वरिष्ठों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस बीच पहुंचे पार्टी के नेताओं से परिणामों पर भी चर्चा हुई। कहां चूक रह गई, इस पर भी मंथन किया गया। सांसद के परिवार वाले भी चिंतामुक्त होकर लोगों के स्वागत में लगे रहे। शाहजहांपुर संसदीय सुरक्षित सीट पर भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। प्रत्याशी अरुण सागर दूसरी बार जीते हैं। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी ज्योत्सना गौंड को 55521 मतों के अंतर से हरा दिया। भाजपा प्रत्याशी को 5,92,227 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी 5,36,706 मत पा सकीं।