शाहजहांपुर। शहर में जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। प्रमुख चौराहों और सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। जेल रोड, अंटा चौराहा और लाल इमली चौराहे पर यातायात व्यवस्था बिगड़ने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। मंगलवार को अंटा चौराहे पर लंबा जाम लगने से वाहनों की कतारें लग गईं। लोगों को चौराहा पार करने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, लाल इमली चौराहे पर भी जाम के चलते राहगीर बेहाल रहे। जल्द निकलने की कोशिश में वाहन आपस में फंस गए, जिससे समस्या और बढ़ गई। जेल रोड पर भी आए दिन जाम लगने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है। सीओ यातायात रणवीर सिंह ने बताया कि जाम लगने वाले स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मियों की संख्या को बढ़ाया जाएगा।