शाहजहांपुर में होली को देखते हुए सोमवार को बाजारों में अबीर-गुलाल और रेडीमेड कपड़ों की खरीदारी के लिए लोग उमड़े। खरीदारों से बाजार गुलजार रहे। लोगों ने कपड़ों के साथ ही अबीर गुलाल, पिचकारी आदि की खरीदारी भी की। भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी करने वाले पहुंचने लगे। बाजार में महिलाओं और युवाओं की संख्या सर्वाधिक रही। गुलाल, रंग, किराना, कॉस्मेटिक और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। बच्चों और युवाओं में रंग-बिरंगे गुलाल और पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, जबकि महिलाओं ने कपड़ों और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर जमकर खरीदारी की। दुकानदारों ने बताया कि होली के कारण पिछले कुछ दिनों से बाजार में रौनक बढ़ने के साथ बिक्री में भी इजाफा हुआ है।