शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज में अंतर महाविद्यालय हॉकी पुरुष ट्रायल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। इसमें नार्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय हॉकी पुरुष टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। सोमवार को सुबह दस बजे कॉलेज के मैदान पर प्राचार्य प्रो.मोहसिन हसन खां ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। टूर्नामेंट में जीएफ कॉलेज, बरेली कॉलेज बरेली, उपाधि महाविद्यालय पीलीभीत, फ्यूचर इंस्टीट्यूट बरेली, लोटस इंस्टीट्यूट बरेली, पुष्प इंस्टीट्यूट पीलीभीत, निहाल श्याम कॉलेज बरेली, चौधरी निहाल सिंह कृषक पीजी कॉलेज पीलीभीत के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पूरी टीम नहीं आने के कारण दो टीमें बनाकर मैच कराया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया। क्रीड़ा सचिव प्रो.फैयाज अहमद ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 11 जनवरी से 16 जनवरी को आयोजित होने वाले नार्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय हॉकी पुरुष टूर्नामेंट में प्रतिभाग करेंगे। टीम मैनेजर डॉ.मोहम्मद तुफैल खान के नेतृत्व में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार जाएंगे। विश्वविद्यालय से नामित खेल विशेषज्ञ ऋतु शर्मा, पर्यवेक्षक डॉ.आलोक दीक्षित, अंपायर मुजाहिद अली और शकील अहमद रहे। डॉ.मंसूर अहमद के संचालन में हुए कार्यक्रम में प्रो.मोहम्मद तारिक,संयुक्त क्रीड़ा सचिव सैयद अनीस अहमद,डॉ. इमरान खान, डॉ.अमीर अहमद खान आदि मौजूद रहे।