जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में शाहजहांपुर जिला युवा कांग्रेस ने टाउन हॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर और मौन धारण कर मृतक लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी ने घटना की कड़ी निंदा की। केंद्र व राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की। सरकार से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता और सुरक्षा प्रदान करने का आग्रह किया। प्रदेश महासचिव अल्पसंख्यक कांग्रेस फरीद अली खान ने कहा कि यह हमला देश की एकता और अखंडता पर कायराना करतूत है। इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी उल हसन, जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस शोभित मिश्रा, नितिन तिवारी, गौरव त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।