शाहजहांपुर नगर निगम में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर ग्रीन इंडिया ट्रे के सुपरवाइजर ने 35 लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। अब वह लापता हो गया है। किसी कर्मचारी से एक लाख तो किसी से 50 हजार रुपये भर्ती के नाम पर वसूल किए। इसके बाद सफाई कर्मचारियों को पांच माह से मानदेय नहीं दिया गया।
फर्म के लोग इस मामले को निपटाने की जुगत में लगे हुए हैं। सफाई कर्मचारी मानदेय नहीं मिलने से परेशान हैं। पीड़ितों का कहना है कि पहले तो उन्होंने किसी तरह से व्यवस्था कर सुपरवाइजर को भर्ती के लिए रुपये दिए थे। उनको वह कर्जा भी निपटाना है। इसके बाद पांच माह से मानदेय नहीं मिलने पर उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इसके साथ ही फर्म ने सफाई कर्मचारियों को ईपीएफ जमा नहीं किया है। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी का कहना है कि भर्ती के नाम पर रुपये लेने और मानदेय नहीं देने की शिकायत आई है। फर्म संचालक से जवाब तलब किया गया है। पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।