जुनावई क्षेत्र के गांव दुबारी कला में बृहस्पतिवार को ढाई माह पहले विवाह बंधन में बंधी एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति जब ननिहाल से लौटकर घर पहुंचा तो पत्नी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुबारी कला निवासी कुलदीप कुमार का विवाह दो मई को अलीगढ़ जिले के थाना दादों क्षेत्र के गांव अजमानठेर निवासी भगवानदास की बेटी भूरी (22) से हुआ था। परिवार के अनुसार शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहकर गोलगप्पे का कारोबार करते थे। तीन दिन पहले दोनों मनौना धाम और कादराबाद स्थित कालिका देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए गांव आए थे। बताया गया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे कुलदीप हेमतपुर स्थित अपनी ननिहाल से कपड़ों का बैग लेने चला गया था। घर पर भूरी अकेली थी। कुछ देर बाद उसने पत्नी को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। वह करीब दो घंटे बाद वापस घर पहुंचा तो देखा कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर पत्नी का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दरवाजा तोड़ कर महिला को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। थाना प्रभारी धीरज ससिंह ने मौके पर पहुंच कर जानकारी की। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार उदयवीर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई।