सहारनपुर के जेवी जैन कॉलेज में बुधवार को एक अज्ञात युवक ने कैंपस में घुसकर फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही विद्यार्थी और स्टाफ दहशत में आ गया। कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल ने बताया कि वह अपने कक्ष में बैठे हुए थे, तभी कॉलेज चौकीदार महेन्द्र ने घबराए हुए आकर सूचना दी कि एक अज्ञात युवक गेट पर आया और बिना किसी विवाद या बहस के अपने साथ लाए तमंचे से दो राउंड फायर कर दिए। फायरिंग के बाद वह वहां मौजूद चौकीदार से यह कहते हुए चला गया कि अपने प्रिंसिपल साहब को बता देना कि मैंने फायरिंग की है। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन हरकत में आया। प्राचार्य ने पूरे प्रकरण की सूचना तत्काल थाना सदर बाजार पुलिस को दी और अज्ञात हमलावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उन्होंने लिखा है कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसका उद्देश्य भी स्पष्ट नहीं है।