सहारनपुर जनपद के बड़गांव में नानौता ब्लाक की ग्राम पंचायत खुदाबख्शपुर माजरा के मजरे सिसौना जमालपुर में गंदे पानी की निकासी नहीं होने पर ग्रामीण नर्क जैसी जिंदगी जी रहे हैं। चारों ओर हर रास्ते पर गंदा पानी ही पानी भरा है। समस्या का निदान न होने परेशान ग्रामीणों ने आने वाले सभी चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी दी है। दरअसल गांव के तालाब के पानी की बाहर कोई निकासी नहीं है। ऐसे में तालाब का पानी भी ओवरफ्लो होकर रास्तों पर ही भरता है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत करने पर ग्राम प्रधान केवल इस पानी को पंपिंग सेट से निकलवा तो देते है लेकिन इसका स्थाई हल नहीं किया जा रहा है। फिर से पानी भर जाता है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार तो वह फिसल कर चोटिल तक हो जाते हैं। ड्रेस गंदी होने के कारण बिना स्कूल जाए लौटना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि इस गंदे पानी की समस्या के चलते रिश्तेदारों तक ने आना बंद कर दिया है। बेटों के रिश्ते के लिए आने वाले लोग भी कई बार तो सिर्फ इसी समस्या के चलते रिश्ता करने से मना कर देते हैं। उनके घरों में सांप और मेंढक घुस जाते हैं। गांव की मेन गलियों गंदा पानी रुका होने की वजह से बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। उधर ग्राम प्रधान ब्रिजेश राणा के बेटे अमित कुमार ने बताया कि यह बहुत पुरानी समस्या है। उन्होंने लेखपाल से रास्ते की पैमाईश कराने का अनुरोध किया है ताकि रास्ते की वास्तविक चौड़ाई पता चल सके जिसके बाद नाला निर्माण कराया जाएगा।