सहारनपुर जनपद के नकुड़ कस्बे के मोहल्ला महादेव में रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच लाठी, डंडे व धारदार हथियार चल गये। झगड़े में दोनों पक्षों के आठ लोगों को चोटें आयी हैं। जिनमें से एक को रेफर किया गया है। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है। कस्बा निवासी देवकुमार त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब ग्यारह बजे वह अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के आठ-दस लोग लाठी, डंडे, सरिये व कुल्होड़ी ले आ गये और उन पर हमला बोल दिया। बताया कि दूसरा पक्ष उनके खेत में रास्ता खोलना चाहता है। जबकि प्रीतम पक्ष का आरोप है कि विपक्षी उनके रास्ते में दीवार कर रहे थे, उन्होंने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में देवकुमार त्यागी, सभासद विपिन पाल, गौरव, अभिषेक व मजदूर विपिन तथा दूसरे पक्ष की मनीषा, अनुज रविन्द्र आदि घायल हो गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, वहां से विपिन पाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।