जौहर यूनिवर्सिटी के छात्रों का बेमियादी धरना आधी रात में समाप्त रामपुर। जौहर यूनिवर्सिटी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में पिछले दस दिनों से चल रहा छात्रों का बेमियादी धरना सोमवार आधी रात को समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। यह निर्णय कमिश्नर कोर्ट में अगली सुनवाई तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगाए जाने के आश्वासन के बाद लिया गया। छात्रों का कहना था कि जब तक उनकी पढ़ाई और यूनिवर्सिटी के भविष्य को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को आधी रात अफसरों और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद आंदोलनकारी छात्रों ने देर रात धरना समाप्त करने की घोषणा की। धरना स्थल पर मौजूद छात्र नेताओं ने कहा कि प्रशासन के इस फैसले का सम्मान करते हुए फिलहाल आंदोलन स्थगित किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की प्रतिकूल कार्रवाई की जाती है तो छात्र दोबारा आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों को लेकर जारी ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में छात्र पिछले दस दिनों से परिसर में लगातार धरने पर बैठे थे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया। अब कमिश्नर कोर्ट की अगली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां मामले की आगे की सुनवाई होगी।