विकास क्षेत्र खीरों की आशा बहुओं और आशा संगिनी ने बीते पांच माह से मानदेय व अन्य भुगतान नही मिलने से नाराज होकर शनिवार की दोपहर सीएचसी खीरो में धरना प्रदर्शन किया । इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में एक मांग पत्र सीएचसी अधीक्षक डॉ0 भावेश सिंह को सौंपा। सीएचसी खीरो में धरना प्रदर्शन कर रही आशा संगिनी व आशा बहू गायत्री श्रीवास्तव , सन्नो शुक्ला , भानुमती , प्रीती , नीतू शर्मा , परमजीत , पुष्पा आदि का कहना है कि हम लोगो से 48 तरह के कार्य लिए जाते है । लेकिन बीते पांच माह से एक भी मद का भुगतान नही किया गया । जिससे हमारा व हमारे परिवार का खर्च कैसे चलेगा । दीपावली व कार्तिक पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार में हम लोगो को मानदेय व अन्य मदो का नही दिया गया । जिससे हम लोगो का परिवार भुखमरी की कगार पर है । लेकिन विभागीय अधिकारी आंख बंद कर हमारी समस्याओं को नजरंदाज कर रहे है । विभिन्न सरकारी पदों पर सेवाएं दे रहे वेतनभोगी अधिकारियों और कर्मचारियों को यदि किसी महीने वेतन मिलने में देरी हो जाती है तो पूरे प्रदेश में हाहाकार शोरगुल मच जाता है। जबकि स्वास्थ्य विभाग में अत्यन्त अल्प मानदेय पर दिन रात एक करके अपनी सेवाएं देने वाली 158 आशाओं और 8 आशा संगिनी को बीते जुलाई महीने से फूटी कौड़ी भी नहीं मिली। विभागीय कार्य के दौरान आशा बहुओं के साथ दुर्ब्यवहार किया जाता है । विभागीय कार्यो के साथ अन्य कार्य कराए जाते है । लेकिन आशा बहू बिना किसी भुगतान के किस तरह अपनी गुजर बसर कर रही हैं। यह जानने वाला कोई नही है । विभागीय उच्चाधिकारी आशाओं के मानदेय व अन्य मदो के भुगतान पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को दिए गए मांग पत्र में अवगत कराया कि अविलंब भुगतान न करने पर आज से सभी आशा संगिनी और आशा बहुएं अनिश्चित कालीन कलम बंद हड़ताल कर रही है । जो समस्या का समाधान नही होने तक चलेगी । शीघ्र हमारा भुगतान नही हुआ तो हम सभी आशा बहुएं पहले जनपद स्तर व बाद में प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेंगी । जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग व शासन प्रशासन की होगी । सीएचसी अधीक्षक डॉ भावेश सिंह ने बताया कि आशाओं ने भुगतान न मिलने संबंधी एक ज्ञापन दिया गया है।जिसे उचित माध्यम से विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजा गया था । जहां से दो माह का भुगतान अति शीघ्र कर दिया जाएगा। इस दौरान यदि आशा बहुओं को कही कोई दिक्कत हो तो विभाग के मुखिया होने के नाते मैं उनकी सभी समस्याओं का यथा उचित समाधान करूंगा ।