समाज पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय मौर्य महासभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। रायबरेली-परशदेपुर मार्ग जाम कर दिया और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। झंडे लहराए और जय सम्राट के नारे लगाए। पुलिस ने रोकना चाहा तो उनके साथ धक्कामुक्की की। हालात ये रहे कि पुलिस कर्मी भी लोगों के आक्रोश असहाय नजर आए। सभी ने समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पर कार्रवाई की मांग उठाई। दो घंटे तक मार्ग जाम होने से आवागमन ठप रहा। इससे मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एएसपी ने पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा देकर सभी को शांत कराया। पूर्वाह्न 11.00 बजे महासभा के जिलाध्यक्ष आशीष मौर्य की अगुवाई में समाज के लोग बड़ी संख्या गोरा बाजार में एकत्र हुए और कलेक्ट्रेट की तरफ जाने लगे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और उन्हें कलेक्ट्रेट जाने से रोक दिया। इससे लोग आक्रोशित हो गए और गोरा बाजार में रोड जाम कर दिया। जिलाध्यक्ष का कहना था कि समाज पर सोशल मीडिया के जरिए अभद्र टिप्पणी की गई है। टिप्पणी करने वाले पर तत्काल कार्रवाई हो। झंडे लहराए और जय सम्राट के नारे लगाकर विरोध जताया। जाम लगने से सिविल लाइंस से परशदेपुर और परशदेपुर से जिला मुख्यालय आने वाले वाहनों का आवागमन ठप हो गया। उमस भरी गर्मी में मुसाफिर परेशान नजर आए। पुलिस तो पहले से मौजूद थी, लेकिन वह जाम लगाए लोगों को मार्ग से बाहर नहीं कर सकी। पुलिस पूरी तरह से असहाय दिखी। पुलिस ने मार्ग से हटाने का प्रयास किया तो उनके साथ नोकझोक करने के साथ धक्कामुक्की की। सिटी मजिस्ट्रेट राम औतार मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग उनकी कोई बात सुनने को तैयार नहीं हुए। दो बजे तक विरोध प्रदर्शन होता रहा। एएसपी संजीव कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और प्रकरण में कार्रवाई का भरोसा दिया। इस पर रोड जाम समाप्त हुआ। गोरा बाजार मैदान से होकर निकले वाहन उमस भरी गर्मी में जाम में फंसे लोगों में नाराजगी दिखी। डीह से रायबरेली आ रहे चार पहिया सवार दिनेश वर्मा, अनिल सिंह ने बताया कि एक घंटे से जाम में फंसा हूं। शहर नहीं जा पा रहे हैं। कोई प्रकरण है तो उसे सुलझा लेना चाहिए। इस तरह मार्ग जाम कर देना ठीक नहीं है। परशदेपुर के रहने वाले मो. अनीस, सरताज भी चार पहिया से शहर आ रहे थे। जाम में फंसने पर नाराज दिखे। वहीं गोरा बाजार स्थित मैदान से होकर कई लोग गतंव्य स्थान की ओर निकले। कौन खराब करा रहा माहौल पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद को थप्पड़ जड़ दिए जाने के प्रकरण के बाद समाज के दो वर्गों के बीच खींचतान चल रही है। पुलिस इस पर कार्रवाई भी कर रही है। बावजूद इसके कई ऐसे लोग हैं, जो जिले के माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है। कई ऐसे लोग हैं, जो माहौल खराब करके नेता बनने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस उन लोगों को चिन्हित कर रही है, जो माहौल को खराब करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा का कहना है कि मौर्य समाज पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले आशीष तिवारी के खिलाफ पहले ही सलोन कोतवाली में केस दर्ज करा दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। लोगों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की गई है। यदि कोई माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।