रायबरेली के महरानीगंज में व्यापारी सुखदेव लोधी की एक जुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उनकी पत्नी सरोजिनी को भी गोली मारी थी। उनका इलाज एम्स में चल रहा है। बदमाश कौन थे? किस कारण से हत्या की गई? इस पर सवाल बना हुआ है। सीसीटीवी फुटेज से जानकारी मिली है कि बदमाश 20 से 25 साल उम्र तक के युवा हैं। वह घटना को अंजाम देकर बाइक से भाग गए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीमें उन्नाव और फतेहपुर के राउंड लगा रही हैं। हालांकि अभी कोई सफलता नहीं मिली है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने अब तक 10 लोगों को उठाया है। उधर, पुलिस टीम क्राइम सीन के हिसाब से सबूत तलाश रही है। घटना में किसी सुपारी किलर का हाथ होने की संभावना है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस उन्नाव के बक्सर, भगवंतनगर, बिहार में खास छानबीन कर रही है। कारण यह क्षेत्र खीरों से लगे हुए हैं। जघन्य अपराधों के लिए यह क्षेत्र कुख्यात हैं। खीरों का लिंक उन्नाव और फतेहपुर से अधिक है। ऐसे में आशंका है कि बदमाश इन्हीं दो जिलों में हो सकते हैं। सीओ लालगंज गिरिजा शंकर त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस पड़ताल कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।