यूपी के रायबरेली में दरियापुर-ऊंचाहार रेलखंड पर लक्ष्मणपुर स्टेशन के निकट स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 12-बी शुक्रवार रात से बंद कर दी गई। क्रॉसिंग की सड़क खोदने के साथ ट्रैक उखाड़ दिया है। इससे आवागमन पूरी तरह ठप है। इसके बावजूद शनिवार को सुबह से रात तक क्रॉसिंग के इर्द-गिर्द से बाइक व साइकिल सवारों के साथ राहगीर जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते रहे। ऐसा करने से रोकने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई पुलिस कर्मी नहीं दिखा। यही नहीं, रूट डायवर्जन किया गया था, फिर भी काफी चौपहिया वाहन चालक क्रॉसिंग तक पहुंचने के बाद वापस लौटते रहे। डायवर्जन की वजह से वाहन चालकों को तीन किमी. की ज्यादा दूरी तय करनी पड़ी। लक्ष्मणपुर में क्रॉसिंग पर सरफेस रबराइजेशन एवं ओवरहालिंग कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार रात 8 बजे से 36 घंटे के लिए क्रॉसिंग बंद कर दी गई है। जगतपुर-डलमऊ मार्ग की इस क्रॉसिंग के बंद होने से सड़क यातायात ठप है। इसके लिए चंदौली-नवाबगंज संपर्क मार्ग से डायवर्जन किया गया है, जिसके लिए तीन किमी. की ज्यादा दूरी तय करनी पड़ रही है। डायवर्जन वाले स्थलों पर होमगार्ड तैनात कर दिए हैं, फिर भी वाहन चालकों को दिक्कतें हो रही हैं। भारी वाहनों को क्रॉसिंग की तरफ जाने से रोका जा रहा है, लेकिन छोटे चौपहिया वाहन क्रॉसिंग तक पहुंचने के बाद लौटने को मजबूर हैं।