रायबरेली में लालगंज क्षेत्र के खजूर गांव में रविवार को खेत में सरसों काट रहे लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां एक बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव निवासी शिवमोहन (70), सुशीला (50) और अनीता (32) खेत में सरसों काट रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा।मधुमक्खियों के काटने से तीनों बुरी तरह घायल हो गए। शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने धुआं और आग जलाकर किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया और घायलों को उनके चंगुल से बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान बुजुर्ग शिवमोहन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज सीएचसी में जारी है।