रायबरेली में छतोह के मेंहदीगंज बाजार में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के अनिश्चितकालीन धरना ने पंचायत का रूप ले लिया। मौके पर एसडीएम के न आने से नाराज किसान नेता पैदल ही लखनऊ के लिए कूच कर दिए। रास्ते में पुलिस से नोकझोंक भी हुई। करीब छह किमी चलने के बाद एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम पहुंचे और किसानों से बातचीत की। इसके बाद किसानों को समझाकर धरना समाप्त कराया। ब्लॉक अध्यक्ष मुइनुद्दीन ने बताया कि धरना स्थल पर एसडीएम के न आने से किसानों ने लखनऊ कूच करने का एलान कर दिया। धरना स्थल से करीब छह किमी दूर सरांयदूला के पास सीओ यादवेंद्र पाल व प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने किसानों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक होने लगी। संगठन के पदाधिकारी माफी मांगने पर अड़े रहे। सूचना पर सलोन एसडीएम चंद्र प्रकाश मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। इस दौरान बुधवार को बैनर फाड़ने के मामले में एसडीएम सलोन के अर्दली ने किसानों से माफी मांगी। असल में अर्दली ने ही बैनर फाड़ा था।