रायबरेली में गल्ला व्यापारी सुखदेव लोधी की हत्या के बाद गुरुवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की अगुवाई में सपा का प्रतिनिधिमंडल सरेनी क्षेत्र में महरानीगंज गांव पहुंचा। वहां पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित के भाई आनंदपाल लोधी, बेटी रागिनी, शालिनी , बेटा आयुष व अयांश से सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मृतक के छोटे बेटे अयांश को अपनी गोद में बैठा लिया। बेटी रागिनी ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो भी सच्चाई हो वह बिना जोर दबाव के बताओ। इस पर बेटी रोने लगी। कहा कि अकेले अंदर चलो तब मैं बात करती हूं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष के साथ क्षेत्रीय विधायक अंदर गए। करीब 20 मिनट की वार्ता के बाद बाहर निकले। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश में अपराध बढ़ा है। महरानीगंज गांव में सुखदेव लोधी की अपराधियों ने हत्या कर दी। जबकि, उनकी घायल पत्नी अस्पताल में जिंदगी व मौत से संघर्ष कर रही है। मृतक के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। इनकी परवरिश के लिए सरकार एक करोड़ रुपया दे। घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ कर जेल भेजा जाए। सरकार यदि यह नहीं कर पा रही है, तो सीबीआई जांच की मांग होगी।