मौसम का मिजाज लगतार बदल रहा है। सुबह उमस रही तो दोपहर में धुंध छाई रहने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। पूरे दिन लोग पसीने से तर-बतर रहे। शाम होते ही बादलों ने घेरा बनाया और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में आंधी और बारिश की संभावना है। मई में अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसत से कम हैं और इस कारण तपिश कम हो रही है, उमस वाली गर्मी अधिक पड़ रही है। सोमवार सुबह बदली रही, इससे लोगों को लगा कि बारिश होगी लेकिन धूप निकल आई जिससे उमस का जोर रहा। हालांकि धूप में तेजी कम रही। पूरे दिन धुंध छाई रही। दोपहर में कुछ देर के लिए बदली छाने से उमस बहुत अधिक हो गई। दोपहर में हाल यह रहा कि कमरे में बैठना मुश्किल हो गया। वहीं भीषण उमस के बीच स्कूल से बच्चे घर लौटे तो उनके चेहरे कुम्हला गए। उधर, उमस के कारण डिहाइड्रेशन की शिकायत भी लोगों को हो रही है। दिन भर उमस का घेरा बना रहा और लोग गर्मी से परेशान रहे तो शाम सात बजे के बाद मौसम बदला और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई, जिसने हर किसी को फौरी राहत दी। सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व की हवा का दबाव बना हुआ है। जिस कारण मौसम में बदलाव की संभावना है। आंधी के साथ हल्की बारिश की आशंका है।