रायबरेली शहर के कचेहरी रोड स्थित श्री राजस्थान स्वीट्स के समोसे में कीड़ा निकलने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की नींद टूटी। आनन-फानन में टीम ने मौके पर पहुंचकर समोसा और घी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। मामले में संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। गत रविवार की शाम एक युवक ने श्री राजस्थान स्वीट्स से समोसा खरीदा। खाने के लिए समोसे को जैसे ही तोड़ा, उसमें कीड़ा निकल आया। दुकान पर युवकों ने हंगामा किया। रात में ही सोशल मीडिया पर समोसा में कीड़ा होने का वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडीओ में दुकानदार बार-बार कह रहा है कि दूसरा समोसा ले लो। अब कीड़ा आ गया तो क्या करें। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आते ही टीम को श्री राजस्थान स्वीट्स में भेजकर समोसा और घी का नमूना भरवाया गया है। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूने की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी। मामले में प्रतिष्ठान के संचालक से जवाब मांगा गया है।