राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में दो दिवसीय क्राफ्ट बाजार का आयोजन 5 और 6 फरवरी को होगा जिसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से आने वाले 40 से अधिक हस्तशिल्प और हथकरघा के कारीगरों व कलाकारों का मेला लगेगा। यह दो दिवसीय आयोजन कला, संस्कृति और शिल्प के समृद्ध संगम को दर्शाएगा, जिसमें शिल्पकारों और डिजाइनरों के साथ निफ्ट के विद्यार्थी भी प्रतिभाग करेंगे। आम जनता के लिए क्राफ्ट बाजार खुलेगा जिससे आम लोग भी कलाओं से परिचित हो सकेंगे। दो दिवसीय क्रॉफ्ट बाजार की साज-सज्जा की तैयारी तेज है। निफ्ट के विद्यार्थी दीवारों को पेंट कर आकर्षक बना रहे हैं। आयोजन में हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों के साथ निफ्ट की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके लिए निफ्ट के विद्यार्थी तैयारियों में जुटे हैं। विभिन्न संस्कृतिक कार्यक्रम भी क्रॉफ्ट बाजार को आकर्षक बनाएंगे। दोनों दिन क्राफ्ट बाजार आम जनता के लिए खोला जाएगा ताकि लोग हथकरघा और हस्तशिल्प के उत्पादों को देख सकें। उन्हें खरीदकर अपने घर की सजावट कर सकें।