पेड़ से टकराया बेकाबू डंपर धू धू कर जला, चालक घायल लालगंज (रायबरेली): कोतवाली क्षेत्र के डलमऊ रोड पर ठुकरा गांव के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर में आग लग गई। हादसे से मौके पर अफरा तफरी मच गई। डंपर बांदा जनपद के तिंदवारी थाना क्षेत्र के जोहरापुर गांव निवासी बुद्धिलाल (35) पुत्र फूलचंद चला रहे थे। वह मौरंग लेकर लालगंज की ओर आ रहे थे। ठुकरा मजरे चांदा टीकर गांव के पास अचानक डंपर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं क्लीनर ने भी समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे के तुरंत बाद डंपर में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। पुलिस ने घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।