रायबरेली में दिवाली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ऊंचाहार के लक्ष्मीगंज स्थित मुरली खोवा की दुकान में छापा मारा। जांच में डीप फ्रीजर में लंबे समय से खोवा डंप मिला। प्रथम दृष्टया जांच में खोवा की गुणवत्ता खराब मिलने पर जेसीबी बुलाकर करीब एक क्विंटल खोवा नष्ट करा दिया गया। खोवा की कीमत 25 हजार रुपये बताई जा रही है। नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है। संचालक को नोटिस दी गई है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने लक्ष्मीगंज में शिव मंदिर के पास संचालित मुरली खोवा की दुकान में छापा मारा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार यादव, संजय कुमार त्रिपाठी उदय राज मौर्य की संयुक्त टीम डीप फ्रीजर में रखे खोवा की गुणवत्ता की जांच की। भंडारित खोवा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने के कारण कार्रवाई की गई। करीब एक क्विंटल खोवा को नष्ट कराने के साथ ही नमूना भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय ने बताया कि दिवाली को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा।