पीलीभीत में स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और तकनीकी समस्याओं के विरोध में व्यापारियों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया। जिला अध्यक्ष अफरोज जिलानी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर को लेकर आपत्तियां जताईं और तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि बिजली निगम की ओर से लगाए जा रहे नए स्मार्ट मीटर में कई गड़बड़ियां हैं। उन्होंने कहा कि मीटरों की रीडिंग अत्यधिक तेज आ रही है, जिससे उपभोक्ताओं के बिल बढ़ रहे हैं। इसके अलावा सर्वर संबंधी समस्याओं के चलते उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़कर आ रहे बिल के संशोधन के लिए उपभोक्ता इधर उधर भटकने को मजबूर है। कई अन्य समस्याएं भी है।