पीलीभीत में रविवार देर शाम से बदले मौसम के बाद बारिश से आधे शहर की बिजली गुल हो गई। सोमवार सुबह तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश और तेज हवा के बीच बिजली कर्मचारी बिजली लाइन की फाल्ट दुरुस्त करने में जुटे रहे। रात भर मरम्मत के बाद भी कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। शहर में अशोक कालोनी, सुनगढ़ी, निरंजनकुंज फीडर, राम विहार, मोहल्ला अशरफ खां, एकतानगर आदि में सुबह नौ बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। वहीं बारिश से शहर में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी हुई। लोग पानी से होकर गुजरते दिखे। गैस चौराहे के आगे गली में, अशोक कालोनी में टनकपुर हाइवे से कालोनी के अंदर तक आदि स्थानों पर बारिश का पानी भरा है। हालांकि बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।