पीलीभीत जिले के गांव न्यूरांपुर स्थित आश्रम के महंत योगी शांतिनाथ का लंबी बीमारी के कारण मंगलवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलसंडा में निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को सुबह आश्रम में लाया गया। शांतिनाथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु भाई भी थे। वह गांव की मेला कमेटी की संस्थापक भी थे। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। गोरखपुर से आए महंतों ने उनके निधन पर दुख जताया। योगी हनुमान नाथ ने बताया कि योगी शांतिनाथ का जन्म दिल्ली में हुआ था। उन्होंने बाल्यकाल में भी संन्यास ले लिया था। योगी हनुमान नाथ ने बताया कि गांव न्यूरांपुर स्थित मठ भी गोरखनाथ मठ से संबंधित है।