पीलीभीत में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार को खमरिया पुल स्थित कांवरथी सेवा दल की ओर से लगाए गए जलपान एवं भंडारा शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर और कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने शिविर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। डीएम ने कहा कि सावन के दौरान कांवड़ यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मार्गों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी भंडारा स्थल पर ही बैठ गए और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने सेवा दल के पदाधिकारियों और सेवादारों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। डीएम ने कहा कि धार्मिक यात्राओं के दौरान सेवा भाव से श्रद्धालुओं को जलपान और भोजन उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। प्रशासन की ओर से भी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।