पीलीभीत जिले में लगातार हो रही बारिश अब आफत बन गई है। बारिश के बीच शारदा नदी में तीन लाख क्यूसेक से अधिक पानी पास किया गया, जो खतरे के निशान से अधिक है। जिससे रविवार रात से ही कलीनगर के 10 से अधिक गांव बाढ़ से चपेट में आ गए। घरों में पानी घुस गया। लोग गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हो गए हैं। बारिश की पानी से माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर दयालपुर गांव के निकट पानी मार्ग कट गया। पुलिया बहने से मार्ग कटा है। इससे क्षेत्र के 20 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। इसके अलावा शाहगढ़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक की पुलिया पानी में बह गई, जिससे इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है।