मुजफ्फरनगर। थाना भौराकलां के गांव भौराखुर्द के रहने वाले शातिर अपराधी दो लाख के इनामी हरीश को मेरठ एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। वह 12 साल से पांच मुकदमों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ बागपत, शामली व मुजफ्फरनगर के थानों में 34 मुकदमे दर्ज है। एसटीएफ ने उसे भौराकलां थाना पुलिस को सौंपा है। एसटीएफ के एसपी बृजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरीश के खिलाफ 2004 से 2018 के बीच गंभीर धाराओं वाले 34 मुकदमे है। वह भौराकलां में दर्ज रंगदारी, जानलेवा हमला, तितावी थाने में दर्ज जानलेवा हमला, बागपत कोतवाली में दर्ज जानलेवा हमला व कोर्ट के आदेश की अवहेलना के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसे मेरठ में भैसाली बस अड्डे के पास पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को भौराकलां थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। हरीश का भाई आदेश वर्ष 2019 में एसटीएफ से हुई मुठभेड़ में मारा गया था। उस पर सवा लाख रुपये का इनाम था। हरीश के परिवार के माँ, बाप एवं भाई सभी मारे जा चुके हैं। वह भौराकलां थाने में वर्ष 2012 से 2018 के बीच दर्ज हुए दो जानलेवा हमले सहित पांच मुकदमों में वांछित चल रहा था। पारिवारिक रंजिश में हरीश के कई परिजनों की हत्या हुई थी।