मुरादाबाद के दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में एटीएम चोरों के सरगना मेवात जिले के नियामत उर्फ घोड़ा ने गिरफ्तार तंजीम और नरेश उर्फ फौजी से पहले नजदीकियां बढ़ाई। दोनों को एटीएम चोरी का तरीका बताया। दोनों को सब्जबाग दिखाए कि एटीएम चोरी करने पर थोड़े दिन में बड़े आदमी बन जाओगे। लालच में पड़कर दोनों गिरोह से जुड़े और अब पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार नरेश उर्फ फौजी गलत संगत में पड़ने के बाद गिरफ्तार होकर तिहाड़ जेल गया। जेल में उसकी मुलाकात वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार मुगलपुरा क्षेत्र के रहने वाले तंजीम से हुई। दोनों ने एटीएम चोरों के सरगना मेवात नियामत उर्फ घोड़ा से मुलाकात की। सरगना ने दोनों को एटीएम चोरी करने का पाठ पढ़ाया। नवंबर में जेल से तंजीम जमानत पर रिहा हो गया। उसके खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। इसके बाद नरेश उर्फ फौजी भी छूट गया। इसके बाद दोनों अपने सरगना के बताए रास्ते पर चल पड़े। गिरफ्तारी के बाद नरेश उर्फ फौजी को काफी पछतावा था लेकिन तंजीम के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी। पुलिस का कहना है कि तंजीम पेशेवर वाहन चोर है। उसने ही दिल्ली से घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार का इंतजाम किया था। जुबेर को भी तंजीम ने अपने साथ लिया था। बरामद कार दिल्ली के श्यामलाल की बताई जा रही है।